बिलासपुर : मस्तूरी में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह के कार्यालय पर नकाबपोश हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में दो लोग गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें अपोलो अस्पताल, बिलासपुर रेफर किया गया है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना शाम करीब पौने छह बजे बस स्टैंड के पास स्थित नितेश सिंह के कार्यालय के बाहर हुई। उस समय नितेश सिंह अपने साथियों तमेश सिंह, टुकेश सिंह, फेकू सिंह, बबला सिंह, संतोष राठौर, प्रमोद शर्मा और कल्लू यादव के साथ बैठे हुए थे। तभी दो बाइक में सवार चार नकाबपोश हमलावर मौके पर पहुंचे और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने करीब 12 से अधिक राउंड गोलियां चलाईं। घटना के दौरान भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गोलीबारी में चंद्रकांत सिंह के हाथ में और राजू सिंह के पैर में गोली लगी। दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़े, जिन्हें स्थानीय लोगों ने तत्काल मस्तूरी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। आसपास के दुकानदारों ने अपने शटर बंद कर दिए। सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खोखे और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस प्रारंभिक जांच में इस वारदात को पुरानी रंजिश या राजनीतिक विवाद से जोड़कर देख रही है, हालांकि आधिकारिक रूप से अभी कुछ स्पष्ट नहीं किया गया है।
एएसपी और एफएसएल टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया है। जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है और मुख्य मार्गों पर कड़ी चेकिंग जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फायरिंग इतनी तीव्र थी कि कुछ देर के लिए पूरा इलाका गोलियों की आवाज़ों से गूंज उठा। लोग भयभीत होकर घरों और दुकानों में छिप गए।
इस घटना ने मस्तूरी ही नहीं बल्कि पूरे बिलासपुर जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है, लेकिन देर शाम तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हो सकी थी।
Author Profile
Latest entries
बिलासपुरAugust 10, 2026अब महिला जनप्रतिनिधियों की जगह परिजन नहीं संभाल सकेंगे प्रतिनिधि की भूमिका,अधिसूचना जारी..
बिलासपुरAugust 4, 202613 निरीक्षकों की तबादला सूची में सबसे अधिक चर्चा मस्तूरी थाना प्रभारी की।
बिलासपुरDecember 24, 2025धान खरीदी केंद्रों की निगरानी समिति की सूची को मिली मंजूरी, ब्लॉक अध्यक्षों से अविलंब जारी करने के निर्देश
बिलासपुरNovember 28, 2025छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने जारी की 41 जिलाध्यक्षों की लिस्ट, बिलासपुर से है इनका नाम..देखें लिस्ट
