बिलासपुर,20 फरवरी 2026/ प्रेस क्लब बिलासपुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि श्री अरुण साव ने नई टीम को शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने की। विशेष अतिथियों के रूप में कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव, बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, नगर निगम सभापति श्री विनोद सोनी तथा नेता प्रतिपक्ष श्री भरत कश्यप उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि हाल ही में संपन्न चुनाव में श्री अजीत मिश्रा प्रेस क्लब बिलासपुर के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उपाध्यक्ष पद पर श्री विजय क्रांति तिवारी, सचिव श्री संदीप परिहार, कोषाध्यक्ष श्री किशोर कुमार सिंह, सह सचिव श्री हरिशंकर गंगवानी तथा कार्यकारी सदस्य के रूप में श्री कैलाश यादव चुने गए हैं। मुख्य अतिथि एवं उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और एकजुटता के साथ यह टीम बिलासपुर का नाम और ऊंचा करेगी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर प्रेस क्लब से अनेक वरिष्ठ पत्रकार निकले हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर बिलासपुर को पहचान बनाई है। नई टीम इस गौरव को और आगे बढ़ाएगी। उन्होंने पत्रकारिता को चुनौतीपूर्ण क्षेत्र बताते हुए कहा कि इसमें निरंतर मेहनत, प्रतिबद्धता और निष्पक्षता की आवश्यकता होती है। बड़ी संख्या में जुड़े नए पत्रकारों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने इसमें राष्ट्रीय स्तर के पत्रकारों को भी आमंत्रित करने का सुझाव दिया। उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी में सड़क निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। साथ ही प्रेस क्लब भवन के कायाकल्प का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने न्यायधानी की गरिमा के अनुरूप प्रेस क्लब को मजबूत बनाने में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। अध्यक्षीय उद्बोधन में विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ प्रेस को माना गया है। मीडिया न केवल राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखती है, बल्कि बिलासपुर के हितों के लिए संघर्ष में भी अग्रणी भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि प्रेस द्वारा उठाए गए मुद्दों पर राजधानी रायपुर में उच्च स्तरीय बैठकों में चर्चा कर निर्णय लिया जाना इसकी प्रभावशीलता का प्रमाण है विधायक श्री अटल श्रीवास्तव ने कहा कि प्रेस क्लब केवल समाचार प्रकाशन तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्रीय हितों की रक्षा में भी सक्रिय भूमिका निभाती है। बिलासपुर में रेलवे जोन और केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना में प्रेस क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विधायक सुशांत शुक्ला ने प्रेस क्लब की निष्पक्ष पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि बिलासपुर को उसका वाजिब हक दिलाने में मीडिया ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। नव निर्वाचित प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री अजीत मिश्रा ने स्वागत भाषण दिया। उपाध्यक्ष श्री विजय क्रांति तिवारी ने आभार व्यक्त किया। गरिमामय आयोजन में बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह ने प्रेस क्लब की नई टीम के प्रति विश्वास और अपेक्षाओं को नई दिशा दी।

Author Profile

Latest entries
UncategorizedAugust 14, 2026मस्तूरी मुख्यालय में निकली ब्लॉक स्तरीय तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा नगर
UncategorizedAugust 13, 2026जनपद पंचायत मस्तूरी में प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल, ड्राइवर को मिली बाबू जैसी जिम्मेदारी
UncategorizedAugust 13, 2026भाजपा बिलासपुर ग्रामीण में नई नियुक्तियां, मस्तूरी के शमशेर सिंह (उदय) बने जिला सहसंयोजक
UncategorizedAugust 13, 2026जीवनदीप समिति की का संयुक्त सधारण सभा का बैठक हुआ सम्पन्न। स्वास्थ्य संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित
